भारतीय रेलवे ने यात्रियों को डिजिटल माध्यम से प्रोत्साहित करने के लिए ‘रेल वन’ एप पर जनरल (अनारक्षित) टिकटों की बुकिंग पर तीन प्रतिशत की छूट देने का निर्णय लिया है। यह रियायत 14 जनवरी से 14 जुलाई 2026 तक लागू रहेगी। इस अवधि के दौरान जनरल टिकट का डिजिटल भुगतान करने पर यात्रियों को किराये में तीन फीसद की सीधी छूट का लाभ मिलेगा।
रेलवे बोर्ड द्वारा हाल ही में लॉन्च किए गए ‘रेल वन’ एप का उद्देश्य यात्रियों को यात्रा से जुड़ी सभी सुविधाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना है। अब यात्रियों को टिकट बुकिंग, खानपान, ट्रेन की लाइव लोकेशन या सहायता के लिए अलग-अलग मोबाइल एप और डिजिटल प्लेटफॉर्म का सहारा नहीं लेना पड़ेगा।
‘रेल वन’ एप के माध्यम से यात्री आरक्षित टिकट, जनरल टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट के साथ-साथ मासिक सीजन टिकट (MST) भी बुक कर सकेंगे। इसके अलावा यात्री ट्रेन की लाइव लोकेशन ट्रैक कर सकेंगे और यात्रा के दौरान खानपान सेवाओं का ऑर्डर भी इसी एप से कर पाएंगे।
यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या होने पर यात्री ‘रेल मदद’ सुविधा के जरिए सहायता के लिए शिकायत दर्ज करा सकेंगे। रेलवे का मानना है कि यह एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म यात्रियों के अनुभव को अधिक सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएगा।#RailOneApp
#IndianRailways
#GeneralTicket
#TrainTicketBooking
#RailwayNews
#DigitalIndia
#रेलवनएप