चकेरी थाना क्षेत्र के गांधीग्राम इलाके में कई वर्षों से बंद पड़े एक निजी स्कूल के प्रबंधक के खिलाफ कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) की जमीन पर अवैध कब्जे के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि संबंधित प्रबंधक कब्जे में ली गई भूमि के स्वामित्व से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
कानपुर विकास प्राधिकरण के जोन-चार में तैनात जोनल प्रभारी (भूमि बैंक) डॉ. अर्चना शर्मा द्वारा चकेरी पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, ग्राम दहेली सुजानपुर स्थित आराजी संख्या-04 राजस्व अभिलेखों में दर्ज है। अभिलेखों के मुताबिक, उक्त भूमि का एक हिस्सा 530 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अर्बन सीलिंग भूमि के रूप में दर्ज है, जबकि 14.085 हेक्टेयर भूमि आबादी के खाते में दर्ज पाई गई है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि प्राधिकरण की ओर से पूर्व में इस मामले में नोटिस भेजे गए थे, लेकिन संबंधित स्कूल प्रबंधक ने न तो उनका कोई जवाब दिया और न ही जमीन से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराए। इसके बाद केडीए ने अवैध कब्जे की पुष्टि करते हुए चकेरी थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच राजस्व अभिलेखों और केडीए के रिकॉर्ड के आधार पर की जा रही है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।#KanpurNews #Chakeri #KDANews #LandEncroachment #IllegalPossession #GandhiGram #UrbanCeilingLand #UPPolice #KDAAction