आलमनगर फ्लाईओवर के नीचे रेलवे क्रॉसिंग के पास सोमवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। जलकल विभाग की पाइपलाइन बिछाने के लिए चल रही खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से तीन मजदूर उसके नीचे दब गए। इस हादसे में तीनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। साथ काम कर रहे अन्य मजदूरों ने तत्काल मिट्टी हटाकर किसी तरह तीनों को बाहर निकाला और निजी अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान सीतापुर निवासी एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूरों की हालत नाजुक बनी हुई है।
तालकटोरा इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे के अनुसार, आलमनगर फ्लाईओवर के पास नलकूप और ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य चल रहा है। रेलवे ट्रैक पार कर ओवरहेड टैंक से जोड़ने के लिए पाइपलाइन डाली जा रही थी। इसी दौरान खुदाई करते समय हादसा हुआ।
हादसे में सीतापुर के कोतवाली देहात क्षेत्र के कचनार गांव निवासी विपिन, उसी गांव के मजदूर विनीत और सुलतानपुर के इमलिया स्थित रामपुर नवागांव निवासी रोहित मिट्टी के नीचे दब गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कार्यस्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।AlamNagarFlyover
AccidentNews
LabourAccident
PipelineWork
LocalNews
UPNews
ConstructionSafety
BreakingNews