ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रस्तावित भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की मिक्स्ड डिसेबिलिटी टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से पहले मौसम ने चिंता बढ़ा दी है। स्टेडियम और उसके आसपास बारिश के बादल छाए रहने से सीरीज की तैयारियों पर असर पड़ता नजर आ रहा है।
मंगलवार को अभ्यास सत्र के लिए मैदान पर उतरी इंग्लैंड की टीम को बारिश के कारण निर्धारित समय से पहले अभ्यास समाप्त करना पड़ा। खिलाड़ियों को करीब दो घंटे के अभ्यास के बाद मैदान छोड़कर वापस लौटना पड़ा। वहीं, लगातार बारिश के चलते भारतीय टीम अभ्यास सत्र शुरू ही नहीं कर सकी।
बारिश के कारण प्रस्तावित प्रैक्टिस मैच भी आयोजित नहीं हो सका। आयोजकों के अनुसार, मौसम को देखते हुए मैदान और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि मुकाबलों के आयोजन में कोई बाधा न आए।
गौरतलब है कि ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 29 जनवरी से 2 फरवरी तक भारत और इंग्लैंड की मिश्रित दिव्यांग टीमों के बीच पांच मैचों की मिक्स्ड डिसेबिलिटी टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली जानी है। इस सीरीज के पहले तीन मुकाबले इसी स्टेडियम में आयोजित किए जाने हैं।
अब सभी की नजरें मौसम पर टिकी हैं, क्योंकि यदि बारिश जारी रही तो सीरीज के शुरुआती मैचों के कार्यक्रम पर असर पड़ सकता है।#MixedDisabilityT20
#IndiaVsEngland
#DisabilityCricket
#GreaterNoida
#SportsNews
#CricketUpdate
#InternationalCricket
#WeatherImpact