रावतपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शादी के महज छह दिन बाद ही दुल्हन घर से ज्वेलरी और नकदी लेकर फरार हो गई। परिजनों का आरोप है कि वह किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ रात में घर से निकल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से सीवान जिले के सिसवन निवासी सीतेश सिंह अपने भाई, भाभी और मां गीता देवी के साथ रावतपुर के कैलाश नगर में रहते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को भेजी गई शिकायत में बताया कि उनकी शादी बिहार के समस्तीपुर जिले की रहने वाली पूजा के साथ बिना दहेज के 25 नवंबर को रावतपुर के कुशवाहा गेस्ट हाउस में हुई थी।
शादी के बाद पत्नी पूजा अलग रहने की जिद करने लगी और छह दिन बाद ही रात में बिना बताए घर से करीब 63 हजार रुपये नकद और लगभग दो लाख रुपये की ज्वेलरी लेकर फरार हो गई।
सुबह घटना का पता चलने पर सीतेश ने ससुराल पक्ष को जानकारी दी। आरोप है कि इस पर सास सरस्वती, ससुर किशन दास और साले अमर ने गाली-गलौज करते हुए झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित की मां गीता देवी ने बताया कि बेटे की शादी एक बिचौलिए के माध्यम से छह माह पहले तय हुई थी। उनका आरोप है कि बहू घर से नकदी और जेवर लेकर चली गई।
एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि इस मामले में दो महिलाओं समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की तहकीकात की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने आएगी।
#RawatpurNews #BrideMissing #JewelryCashTheft #UPPolice #MarriageFraud