जमीन निवेश के नाम पर 30 लाख की ठगी, बिल्डर पर मुकदमा दर्ज

जमीन में सुरक्षित निवेश का झांसा देकर एक बिल्डर द्वारा 30 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। प्लॉट का बैनामा न होने पर पीड़ित की शिकायत पर हरीपर्वत थाने में कृष्णा डेवलपर्स, संजय प्लेस के मालिक मनोज यादव के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।

जयपुर के रंगोली गार्डन निवासी दीपक गौतम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह विधिक क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। वर्ष 2012 में उन्होंने अपना मकान बेचा था, जिसके बाद बेटी की पढ़ाई और भविष्य को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित निवेश की तलाश कर रहे थे।

इसी दौरान वर्ष 2013 में उनकी मुलाकात संजय प्लेस स्थित कृष्णा डेवलपर्स के मालिक मनोज यादव से हुई। मनोज यादव ने उन्हें जमीन में निवेश को सुरक्षित और लाभकारी बताते हुए प्लॉट दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि इसी विश्वास के आधार पर दीपक गौतम ने अलग-अलग किश्तों में करीब 30 लाख रुपये बिल्डर को दे दिए।

पीड़ित का आरोप है कि रकम लेने के बावजूद न तो प्लॉट का बैनामा किया गया और न ही रकम वापस की गई। कई बार संपर्क करने के बावजूद जब कोई समाधान नहीं निकला तो मजबूर होकर उन्होंने पुलिस की शरण ली।

पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।LandFraud

PropertyScam

BuilderFraud

CrimeNews

InvestmentFraud

AgraNews

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें