उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां तीन सगी बहनों ने नौवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में इस सामूहिक आत्महत्या के पीछे ऑनलाइन ‘कोरियन लव गेम’ की लत को प्रमुख वजह माना जा रहा है।
यह मामला न तो पहली बार सामने आया है और न ही इसे केवल एक परिवार की व्यक्तिगत त्रासदी कहा जा सकता है। यह घटना डिजिटल दौर में बच्चों और किशोरों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर एक बड़ी चेतावनी बनकर उभरी है। बीते कुछ वर्षों में ऑनलाइन गेमिंग, खतरनाक डिजिटल चैलेंज और मानसिक दबाव के चलते देश के विभिन्न हिस्सों से युवाओं की आत्महत्या की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिन डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को मनोरंजन और संवाद का माध्यम माना जाता था, वे धीरे-धीरे जानलेवा जाल में कैसे तब्दील हो रहे हैं। साथ ही यह भी चिंता का विषय है कि ऐसे खतरों को समय रहते पहचाना और रोका कैसे जाए।
गाजियाबाद में क्या हुआ?
जानकारी के अनुसार, साहिबाबाद क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी में रहने वाली तीनों नाबालिग बहनों ने नौवीं मंजिल की बालकनी से छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें लंबे समय से मोबाइल फोन पर कोरियन आधारित ऑनलाइन गेम खेल रही थीं।
बताया जा रहा है कि वे न तो नियमित रूप से स्कूल जाती थीं और न ही घर से बाहर निकलकर किसी से सामाजिक संपर्क रखती थीं। डिजिटल दुनिया में इतना डूब चुकी थीं कि उन्होंने अपने लिए अलग-अलग कोरियन नाम तक रख लिए थे। पुलिस अब मोबाइल फोन, गेमिंग ऐप्स और ऑनलाइन गतिविधियों की गहन जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे के पूरे कारण स्पष्ट हो सकें।
#GhaziabadNews #KoreanLoveGame #OnlineGamingDanger #DigitalSafety #TeenSuicide #CyberAddiction #UPNews