चौपटा क्षेत्र में जंगली जीव तेंदुए को लेकर ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। राजस्थान की सीमा से सटे हरियाणा के कई गांवों में बीते कुछ दिनों से तेंदुए की मौजूदगी की लगातार सूचनाएं मिल रही हैं। इसी क्रम में चौपटा क्षेत्र के शाहपुरिया गांव में तेंदुआ देखे जाने की खबर सामने आने के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
गुरुवार को सूचना मिलने पर वन्यजीव विभाग की टीम शाहपुरिया गांव पहुंची। टीम ने मौके पर मिले पंजों के निशानों की तस्वीरें लेकर उच्च अधिकारियों को भेजीं। जांच के बाद अधिकारियों ने बताया कि ये निशान तेंदुए के नहीं, बल्कि गीदड़ के पंजों के हैं।
हालांकि, शाम के समय ग्रामीणों द्वारा खेतों में तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिलने के बाद स्थिति और संवेदनशील हो गई। एहतियातन गांव के मंदिर के लाउडस्पीकर से मुनादी कराई गई और ग्रामीणों को सतर्क रहने, समूह में रहने तथा अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की गई।
मुनादी के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और आपसी समन्वय से तेंदुए की तलाश शुरू की। फिलहाल वन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।#ChoptaNews #LeopardTerror #WildlifeAlert #HaryanaRuralNews #ForestDepartment #VillageAlert #HindiNews