बिहार के विश्व प्रसिद्ध बौद्ध तीर्थस्थल बोधगया को जापान के ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित शहर क्योटो की तर्ज पर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होती दिख रही है। इस दिशा में तब अहम संकेत मिला, जब जापान से आए करीब सौ सदस्यीय शिष्टमंडल ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार से मुलाकात की।
यह शिष्टमंडल जापान की सबसे प्राचीन बौद्ध मठ (Monastery) के मुख्य पुजारी इजेन ओनिसी के नेतृत्व में बोधगया पहुंचा था। बोधगया पहुंचने के बाद शिष्टमंडल ने महाबोधि मंदिर सहित विभिन्न बौद्ध तीर्थ स्थलों का भ्रमण किया और इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष से औपचारिक मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान जापानी प्रतिनिधिमंडल ने पारंपरिक तरीके से विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत करते हुए उन्हें खादा पहनाकर सम्मानित किया और स्मृति चिह्न भेंट किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच बोधगया के सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पर्यटन विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि बोधगया को केवल धार्मिक पर्यटन स्थल तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे एक व्यवस्थित, शांत और वैश्विक स्तर के आध्यात्मिक शहर के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि जापान के क्योटो शहर की तर्ज पर बोधगया के समग्र विकास की योजना बनाई जा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि क्योटो विश्व स्तर पर अपनी सांस्कृतिक विरासत, स्वच्छता, पर्यटन प्रबंधन और शहरी नियोजन के लिए जाना जाता है। यदि इसी मॉडल को बोधगया में लागू किया जाता है, तो इससे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
सूत्रों के अनुसार, इस सहयोग के जरिए बोधगया में बुनियादी ढांचे, पर्यावरण संरक्षण, ट्रैफिक मैनेजमेंट, और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा सकता है। साथ ही, जापानी तकनीक और अनुभव का उपयोग कर शहर को और अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में काम किया जा सकता है।
बोधगया पहले से ही अंतरराष्ट्रीय बौद्ध श्रद्धालुओं का प्रमुख केंद्र है। हर वर्ष हजारों विदेशी पर्यटक यहां दर्शन और ध्यान साधना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यदि इसे वैश्विक स्तर के आध्यात्मिक शहर के रूप में विकसित किया जाता है, तो इससे राज्य को पर्यटन के क्षेत्र में बड़ा फायदा हो सकता है।#Bodhgaya #BiharNews #JapanIndiaRelations #KyotoModel #BuddhistTourism #InternationalNews #DevelopmentNews