हरियाणा सरकार ने राज्य की सभी प्रमुख परियोजनाओं की पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए नई पहल की है। अब 75 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली सभी परियोजनाएं स्टेट प्रगति डैशबोर्ड पर उपलब्ध होंगी, जिससे निर्माण कार्यों की रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव होगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को आयोजित स्टेट प्रगति डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन एजेंसियों को निर्माण कार्य अलाट किए गए हैं, उनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन एजेंसियों की वजह से कार्यों में विलंब हो रहा है, उनके विरुद्ध निर्धारित नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए। बैठक में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग और शहरी स्थानीय निकाय विभाग से संबंधित आठ मेगा परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन परियोजनाओं को तय समय में पूरा किया जाए, ताकि आमजन को इनके लाभ जल्द मिल सकें। उन्होंने परियोजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
राज्य सरकार का यह कदम विकास कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाने और जनता को शीघ्र परिणाम देने के उद्देश्य से उठाया गया है। अधिकारियों को रियल टाइम मॉनिटरिंग के जरिए कार्यों की प्रगति पर नजर रखने और किसी भी विलंब या कमी की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।