झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने मंगलवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में पेश किए गए इस बजट को ‘अबुआ दिशोम बजट’ नाम दिया गया है।
बजट भाषण की शुरुआत वित्त मंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत स्वर्गीय शिबू सोरेन (दिशोम गुरु) को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। उन्होंने कहा कि “किसी के पैरों में गिरकर पाने से बेहतर है अपने पैरों पर चलकर कुछ हासिल करना।”
शिक्षा क्षेत्र में नई पहलें राज्य सरकार ने शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 100 नए सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (उत्कृष्ट विद्यालय) संचालित करने का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा, बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए 5 नए झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय खोले जाएंगे। ये विद्यालय धनबाद (2), पलामू, लातेहार और गढ़वा में स्थापित किए जाएंगे।
बजट में शहीदों के आश्रितों के लिए भी एक विशेष आदर्श विद्यालय खोलने की योजना शामिल की गई है। सरकार का कहना है कि इन कदमों से शिक्षा का स्तर बेहतर होगा और समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।