मुजफ्फरपुर के पियर थाना क्षेत्र की बड़गांव पंचायत स्थित करैला गांव में एक युवक की सुई लगने के बाद अचानक मौत से इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। घटना बुधवार की दोपहर की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, करैला गांव के वार्ड नंबर आठ निवासी विंदेश्वर सहनी के पुत्र सूरज सहनी (25) को सर्दी-खांसी की शिकायत थी। उपचार के लिए वह गांव के ही एक झोलाछाप के पास गया। स्वजनों का आरोप है कि झोलाछाप ने दवा के साथ सुई भी दी। सुई लगते ही सूरज की हालत अचानक बिगड़ गई और उसे मुजफ्फरपुर शहर के अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई।
मृत्यु की खबर मिलते ही सूरज के स्वजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने झोलाछाप के घर पहुंचकर शव रख दिया और लगभग दो घंटे तक जमकर हंगामा किया। इस दौरान ग्रामीणों ने झोलाछाप की गिरफ्तारी की मांग पर जोर दिया। स्थिति बिगड़ते देख झोलाछाप मौके से फरार हो गया।
पुलिस को सूचना मिलने पर पियर थाना की टीम घटनास्थल पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। बाद में एसडीपीओ पूर्वी-दो मनोज कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। साथ ही फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा।
मृतक की मां इंदु देवी ने बताया कि सूरज हाल ही में हैदराबाद से घर आया था। वहां वह मजदूरी करता था। वह अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था और शादीशुदा था, उसके दो वर्षीय पुत्र भी हैं। परिवार के अनुसार, आने वाले सोमवार को उसकी बहन की छेका की रस्म होने वाली थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।#Muzaffarpur #MedicalNegligence #BiharNews #KarailaVillage #JholaChap #PoliceInvestigation #BreakingNews #SurajSahni