हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। यह हादसा उपमंडल रामपुर के लालसा पंचायत के शांदल क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम हुआ, जब एक बोलेरो कैंपर (HP 92-3945) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
वाहन खाई में गिरते ही मची चीख-पुकार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल थीं। हादसा इतना भयावह था कि गाड़ी के खाई में गिरते ही उसमें आग लगने की भी सूचना है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
तीन की मौके पर मौत, दो घायल
इस दुर्घटना में चालक समेत दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक महिला और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायल महिला को तुरंत खनेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से मृतकों के शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि शव आग की वजह से बुरी तरह झुलस गए थे।
हादसे के कारणों की जांच जारी
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि वाहन का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।#ShimlaAccident #HimachalNews #RoadAccident #BreakingNews #AccidentNews