मध्य पूर्व में बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब वैश्विक हवाई सेवाओं पर साफ दिखाई देने लगा है। अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों और उसके जवाब में ईरान की कार्रवाई के बाद अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दुनिया के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में शामिल दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इसके चलते हजारों यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए हैं और व्यापक अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई है।
हमलों के बाद एयरस्पेस की स्थिति भी पूरी तरह बदल गई है। फ्लाइट ट्रैकिंग मैप्स के अनुसार ईरान, इराक, कुवैत, बहरीन और इजरायल के ऊपर का हवाई क्षेत्र लगभग खाली हो गया है, क्योंकि अधिकांश एयरलाइनों ने सुरक्षा कारणों से अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दुबई एयरपोर्ट पर हजारों यात्रियों के फंसे होने की तस्वीरें सामने आई हैं, जहां लोग अपनी फ्लाइट्स को लेकर अनिश्चितता और परेशानी का सामना कर रहे हैं।
इस बीच, दुबई एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है, और इसी कारण एहतियातन सभी उड़ानों को अनिश्चितकाल के लिए रोक दिया गया है।
अथॉरिटी ने स्पष्ट किया कि दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और दुबई वर्ल्ड सेंट्रल – अल मकतूम इंटरनेशनल (DWC) पर सभी फ्लाइट ऑपरेशन फिलहाल बंद हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट पर न पहुंचें और अपनी-अपनी एयरलाइनों से संपर्क कर ताजा जानकारी प्राप्त करें।
विशेषज्ञों के अनुसार, यदि मिडिल ईस्ट में यह तनाव जारी रहता है, तो अंतरराष्ट्रीय यात्रा, व्यापार और लॉजिस्टिक्स पर इसका दीर्घकालिक प्रभाव पड़ सकता है। फिलहाल पूरी दुनिया की नजर इस संकट पर टिकी हुई है।#DubaiAirport #FlightCancel #MiddleEastCrisis #IranIsrael #BreakingNews #AviationNews #GlobalCrisis