छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक वर्दीधारी वनरक्षक को अपनी प्रेमिका से मिलना भारी पड़ गया। नर्सरी परिसर में युवती के परिजनों ने वनरक्षक के साथ मारपीट की और उसे जबरन डांस करने के लिए मजबूर कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि यह घटना 23 फरवरी की है। वनरक्षक, जिसकी पहचान सुखदेव पैकरा के रूप में हुई है, अपनी प्रेमिका के साथ नर्सरी में मौजूद था। इसी दौरान युवती के परिजन मौके पर पहुंच गए और दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब आठ युवकों का समूह वहां पहुंचा। उन्होंने पहले युवती के साथ मारपीट की और उसे थप्पड़ मारा। इसके बाद वनरक्षक सुखदेव पैकरा को घेरकर बुरी तरह पीटा गया। आरोप है कि मारपीट के बाद युवकों ने वनरक्षक को अपमानित करने के उद्देश्य से जबरन डांस करने के लिए भी मजबूर किया।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आने के बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया है। वीडियो में दिख रही हिंसा और अमानवीय व्यवहार को लेकर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।
फिलहाल, इस मामले में पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की गई है, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर जांच की मांग तेज हो गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।#Surajpur #ViralVideo #ChhattisgarhCrime #ForestGuard #CrimeNews #IndiaNews