राजधानी देहरादून में रविवार को मौसम ने कई रंग दिखाए। सुबह आसमान में बादल छाए रहे और शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई। दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो गया और तेज धूप निकल आई।
हालांकि, शाम होते-होते मौसम ने एक बार फिर करवट ली। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान आकाशीय बिजली भी कड़की। बारिश से मौसम में ठंडक महसूस की गई।प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिला। रुद्रप्रयाग जनपद में केदारनाथ समेत ऊंची हिमालयी चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई, जबकि निचले इलाकों में बारिश शुरू हो गई। इससे क्षेत्र में एक बार फिर ठंड का एहसास बढ़ गया है।पिथौरागढ़ जिले के गुंजी सहित उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भी हिमपात हुआ। वहीं पौड़ी जिला मुख्यालय में हल्की बारिश दर्ज की गई। नैनीताल में बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया।इसी तरह बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई, जबकि निचले इलाकों में बारिश हुई। ऋषिकेश और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई।