SH और NH से जुड़ेगा जहानाबाद शहर का हर इलाका, 5 सड़कों का होगा निर्माण

 शहर के समग्र विकास और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में नगर परिषद ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। शहर के हर इलाके को राज्य राजमार्ग और राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के उद्देश्य से पांच नई सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव पथ निर्माण विभाग को भेजा गया है।

इस योजना के क्रियान्वयन से शहरवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और ट्रैफिक दबाव भी कम होगा। प्रस्तावित योजनाओं के अनुसार, जहानाबाद-अरवल एनएच 33 के राजा बाजार से दक्षिणी दौलतपुर तक सड़क का निर्माण किया जाएगा।

इसके अलावा माले ऑफिस से एनएच 110 तक संपर्क मार्ग विकसित करने की योजना है। वहीं, पटना-गया एनएच 22 से मलहचक होते हुए पुराना थाना अस्पताल मोड़ और खान बहादुर रोड तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल है। यह मार्ग शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों को सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ेगा।इसी क्रम में फिदा हुसैन मोड़ से मलहचक मोड़ होते हुए हवाई अड्डा मैदान तक सड़क का निर्माण प्रस्तावित है, जिससे स्थानीय लोगों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। इसके साथ ही एसएस कालेज से लालसे बीघा से होते हुए एसएच 71 तक नई सड़क बनाने की योजना भी शामिल है।इन सभी परियोजनाओं का उद्देश्य शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करना है। नगर परिषद कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, प्रस्ताव में इन सड़कों की उपयोगिता और संभावित लाभों का विस्तृत उल्लेख किया गया है।

अधिकारियों का मानना है कि इन सड़कों के निर्माण से शहर में प्रवेश और निकास के कई नए मार्ग विकसित होंगे, जिससे जाम की समस्या में कमी आएगी और यातायात सुगम होगा। शहर के बाजारों तक पहुंच आसान होने से स्थानीय व्यवसायियों को लाभ होगा और आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी।

इसके अलावा, शहर का भौगोलिक विस्तार भी संतुलित तरीके से हो सकेगा। यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है और निर्माण कार्य समय पर पूरा होता है,तो जहानाबाद शहर न केवल यातायात के लिहाज से सुदृढ़ होगा, बल्कि विकास की नई दिशा में भी आगे बढ़ेगा।

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें