अगर आपके पास भी किसी बैंक अथवा क्रेडिट कार्ड सेवा से जुड़े कर्मचारी की कॉल आए तो सतर्क रहें। कहीं ऐसा न हो कि आप बैंक कर्मचारी समझकर झांसे में फंस जाएं और फिर खाता संबंधी जानकारी देकर ऑनलाइन ठगी का शिकार हो जाएं। ऐसी ही एक घटना प्रयागराज के अजय कुमार अग्रवाल के साथ हुई। उनके क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने की बात कहते हुए साइबर अपरधियों ने लाखों रुपए ठग लिए। भुक्तभोगी ने पुलिस से शिकायत की है।
बैंक क्रेडिट कार्ड सेवा प्रतिनिधि बनकर किया फोन
अजय कुमार अग्रवाल का कहना है कि 11 मार्च की सुबह लगभग 10 बजे के बाद एक अज्ञात व्यक्ति की उनके मोबाइल पर कॉल आई। उस व्यक्ति ने स्वयं को बैंक क्रेडिट कार्ड सेवा से संबंधित प्रतिनिधि बताया। फिर कहा कि वह क्रेडिट कार्ड की लिमिट वढाने अथवा नया क्रेडिट कार्ड जारी करने में सहायता करेगा। उसने पूछा कि मोबाइल स्क्रीन शेयर करूं और कुछ आवश्यक जानकारी प्रदान करूं।झांसे में आकर पीड़ित ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की
उसकी बातों में आकर अनजाने में अपनी कुछ महत्वपूर्ण जानकारी साझा कर दी। इसके पश्चात क्रेडिट कार्ड से अलग-अलग प्लेटफार्म के माध्यम से कुल नौ ट्रांजेक्शन किए गए। इन ट्रांजैक्शनों के माध्यम से अजय कुमार अग्रवाल के क्रेडिट कार्ड से कुल 3,89,807 रुपये की धनराशि डेबिट कर ली गई।