प्राइवेट बस ऑपरेटरों पर सख्ती: दूसरे राज्यों में रजिस्टर्ड बसों की डग्गामारी पर लगेगी रोक

बरेली। प्राइवेट लग्जरी बसों के संचालन को लेकर परिवहन विभाग ने बड़ा बदलाव किया है। नए नियम लागू होने के बाद दूसरे राज्यों में पंजीकृत बसों के जरिए उत्तर प्रदेश में लंबे समय से चल रहे डग्गामारी के खेल पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है। अब ऑल इंडिया परमिट होने के बावजूद बसों को अपने पंजीकरण वाले राज्य से ही यात्रियों को लेकर यात्रा शुरू करनी होगी और वहीं वापस पहुंचाना भी होगा।

परिवहन विभाग के नए प्रावधान के अनुसार, जिस राज्य में बस का पंजीकरण हुआ है, वह बस अधिकतम 60 दिनों के भीतर अपने मूल राज्य में वापस पहुंचना अनिवार्य होगा। इससे अन्य राज्यों में रजिस्टर्ड बसों के जरिए लगातार व्यावसायिक संचालन करने की प्रवृत्ति पर रोक लगेगी।

अब तक कई निजी बस ऑपरेटर नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, दमन और दीव, गुजरात, राजस्थान तथा मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में वाहन पंजीकृत कराकर उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में नियमित रूप से यात्रियों का परिवहन कर रहे थे। ऑल इंडिया परमिट होने के कारण इन वाहनों के संचालन को पूरी तरह अवैध भी नहीं माना जा सकता था, लेकिन इससे स्थानीय परिवहन व्यवस्था और राजस्व पर असर पड़ रहा था।

बरेली में पीलीभीत बाइपास स्थित सेटेलाइट क्षेत्र के आसपास अक्सर निजी लग्जरी बसें यात्रियों के इंतजार में खड़ी दिखाई देती हैं। इसी तरह जिले के विभिन्न कस्बों और प्रमुख मार्गों से भी ऐसी बसें यात्रियों को एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाने का काम कर रही हैं।

परिवहन विभाग का मानना है कि नए नियम लागू होने से बस संचालन व्यवस्था अधिक पारदर्शी होगी और परमिट नियमों के दुरुपयोग पर अंकुश लगाया जा सकेगा। साथ ही, राज्य परिवहन निगम और स्थानीय स्तर पर पंजीकृत बस संचालकों को भी राहत मिलने की संभावना है।

अधिकारियों के अनुसार, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा प्रवर्तन अभियान को भी और प्रभावी बनाने की तैयारी की जा रही है ताकि नए नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जा सके।#TransportDepartment #PrivateBusRules #AllIndiaPermit #BusOperators #UPNews #BareillyNews #RoadTransport #LuxuryBus #TransportNews #CommercialVehicles #BreakingNews #HindiNews #TravelNews #BusService #LatestUpdate

Leave a Comment

शहर चुनें