कटक में वज्रपात से दो किसानों की मौत, दमकल और एंबुलेंस ने शव उठाने से किया मना; 7 KM तक कंधे पर ढोकर लाए ग्रामीण

 कटक जिले के टिगिरिया क्षेत्र के बिष्णुपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद प्रशासनिक अव्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। 

आरोप है कि, सूचना मिलने के बावजूद दमकल और एंबुलेंस कर्मियों ने घटनास्थल से शवों को उठाने में सहयोग नहीं किया। इससे नाराज ग्रामीणों ने दोनों शवों को करीब सात किलोमीटर तक कंधों पर ढोकर लाया और बाद में सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

खेत के पास बनी झोपड़ी में कर रहे थे आराम

मृतकों की पहचान बिष्णुपुर गांव निवासी मंधधर पति (25) और नवकिशोर राउत (61) के रूप में हुई है। दोनों खेत में काम करने के बाद अक्सर खेत के पास बनी एक झोपड़ी में भोजन करने के बाद आराम करते थे।मृतकों की पहचान बिष्णुपुर गांव निवासी मंधधर पति (25) और नवकिशोर राउत (61) के रूप में हुई है। दोनों खेत में काम करने के बाद अक्सर खेत के पास बनी एक झोपड़ी में भोजन करने के बाद आराम करते थे।बारिश थमने के बाद जब ग्रामीणों ने झोपड़ी से धुआं निकलते देखा तो, मौके पर पहुंचे। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। दोनों के शव बुरी तरह जल चुके थे।

सात किलोमीटर तक पैदल चलकर गांव तक लाए शव

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने दमकल विभाग और एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। आरोप है कि, दोनों टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं, लेकिन शवों को वहां से हटाने के लिए कोई पहल नहीं की। ग्रामीणों द्वारा बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने से लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।

इसके बाद ग्रामीणों ने स्वयं दोनों शवों को कंधों पर उठाया और करीब सात किलोमीटर तक पैदल चलकर गांव तक लाए। इस दौरान क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा। बाद में युवा नेता आदित्य प्रताप स्वाईं घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी और प्रशासनिक लापरवाही पर नाराजगी जताई।

दमकल और एंबुलेंस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों शवों को सड़क पर रखकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा दमकल और एंबुलेंस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सड़क जाम के कारण यातायात प्रभावित रहा।

सूचना मिलने पर टिगिरिया थाना प्रभारी (आईआईसी) रमाकांत नायक तथा सहायक जिलाधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। 

चार लाख रुपये की सहायता राशि का आश्वासन

करीब दो घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने प्रत्येक मृतक के परिजन को चार लाख रुपये की सहायता राशि तथा अंतिम संस्कार के लिए 20 हजार रुपये देने का आश्वासन दिया। साथ ही दमकल और एंबुलेंस कर्मियों की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा भी दिया।

आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Comment

शहर चुनें