थाना क्षेत्र के झिरी गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा गुरुवार को उस समय फूट पड़ा, जब एक कथित शातिर चोर चोरी के जेवरात के साथ पकड़ा गया।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पहले महिला परिधान पहनाया, फिर पूरे गांव में घुमाते हुए पुलिस के हवाले कर दिया।
महिला परिधान पहनाकर गांव की गलियों में घुमाया
जानकारी के अनुसार, झिरी गांव निवासी 25 वर्षीय श्रवण पाहन पर बुधवार रात स्व. रवि मुंडा की पत्नी सीता देवी के घर में चोरी करने का आरोप है। सुबह सीता देवी ने बक्से का टूटा ताला देखा और चांदी के जेवरात गायब पाए, तो उसने गांव वालों को इसकी जानाकरी दी।
ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर श्रवण की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों बाद उसे गंगुटोली ओरमांझी से पकड़ लिया। ग्रामीणों ने बताया आरोपी के पास से चोरी गए जेवरात भी बरामद हुए। इसके बाद वर्षों से चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों व महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा। महिलाओं ने आरोपी को महिला परिधान पहनाकर गांव की गलियों में घुमाया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। कुछ लोगों द्वारा आरोपी की पिटाई किए जाने की भी सूचना है।
पहले भी कई घरों में कर चुका है चोरी
ग्राम प्रधान रामकिशन मुंडा ने बताया आरोपी पहले भी गांव के कई घरों में चोरी की घटना को अंजाम दे चुका है। ग्रामीणों का कहना है आरोपी युवक जेवरात, नकदी के अलावा महिलाओं व बच्चों के कपड़े तक चोरी कर लेता था, जिससे गांव के लोग काफी परेशान हैं।






