राजस्थान में श्रीगंगानगर पुलिस ने तीन राज्यों के बदमाशों को हथियारों की आपूर्ति करने वाले पंजाब के गैंग्सटर शकील अंसारी उर्फ आदिल को गिरफ्तार किया है। आरोपित गैंग्सटर रोहित गोदारा एवं गोल्डी बराड़ का प्रमुख साथी है। पुलिस के अनुसार, आरोपित दोनों गैंग्सटरों के गुर्गों के लिए हथियारों की सप्लाई करता था।
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की जिस जगना और ग्लाक पिस्टल से गोली मारकर हत्या की गई थी, वह पिस्टल शकील ने ही आरोपितों तक पहुंचाई थी। शकील शनिवार को श्रीगंगानगर में एक कारोबारी पर फायरिंग करने के लिए पहुंचा था, लेकिन वारदात से पहले स्थानीय पुलिस को सूचना मिल गई।पुलिस ने बाइक सवार शकील को रोकने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई जो उसके पैर में लगी। पैर में गोली लगने के बाद शकील बाइक से गिर गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।पुलिस की पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि मूसेवाला हत्याकांड में इस्तेमाल की गई पिस्टल उसी ने दी थी। शकील से पूछताछ की जा रही है।







