पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच आम लोगों को राहत देने और स्वच्छ परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए परिवहन विभाग ने इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने वालों के लिए आकर्षक रियायतों की घोषणा की है।
बिहार इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) नीति-2026 के तहत ई-वाहन खरीदने पर रोड टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट के साथ विभिन्न श्रेणियों के खरीदारों को प्रोत्साहन राशि और अनुदान दिया जाएगा।
रोड टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट
विभाग का मानना है कि इससे लोगों का ईंधन खर्च कम होगा, इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति आकर्षण बढ़ेगा और ग्रीन मोबिलिटी अभियान को नई गति मिलेगी। परिवहन विभाग के अनुसार, राज्य में पंजीकृत सभी इलेक्ट्रिक वाहनों पर मोटर वाहन कर (रोड टैक्स) में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी।12 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि
इलेक्ट्रिक दोपहिया खरीदने वाले सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को 10 हजार रुपये व अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लाभार्थियों को 12 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं, महिलाओं के नाम पर इलेक्ट्रिक कार खरीदने पर एक लाख रुपये तक का अनुदान देने का प्रावधान किया गया है।
परिवहन विभाग का कहना है कि इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने से पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता घटेगी, ईंधन पर होने वाला खर्च कम होगा और वायु प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। इसी उद्देश्य से आर्थिक प्रोत्साहन देकर लोगों को ई-वाहनों की ओर आकर्षित किया जा रहा है।
जिला परिवहन पदाधिकारी शशि शेखरम ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए पात्र लाभार्थियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत वाहन का निबंधन कराना होगा।
साथ ही जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को ग्रीन मोबिलिटी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि जिले में स्वच्छ, किफायती और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिल सके।






