पश्चिम बंगाल सरकार के प्रशासनिक मुख्यालय ‘नवान्न’ से एक महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया गया है, जिसके तहत अब शनिवार, रविवार और अन्य सरकारी अवकाश के दिनों में भी कर्मचारियों की कार्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
राज्य के कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है कि विभिन्न सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी जनहित से जुड़े मामलों और प्रशासनिक कार्यों के निर्बाध संचालन के लिए सप्ताहांत और छुट्टियों के दौरान भी कार्य करते हैं।
इसी को ध्यान में रखते हुए अब संबंधित विभागों की विभिन्न शाखाओं और सेल में कार्यरत कर्मचारियों की ड्यूटी रोटेशन प्रणाली के तहत लगाई जाएगी, ताकि वरिष्ठ अधिकारियों को तकनीकी और लिपिकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
अधिसूचना के अनुसार, छुट्टियों और वीकेंड के दौरान कार्यालयों में न्यूनतम आवश्यक कर्मचारियों यानी ‘स्केलेटन स्टाफ’ की उपस्थिति अनिवार्य होगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी कार्य और प्रशासनिक प्रक्रियाएं बिना किसी बाधा के जारी रहें।
यह आदेश अतिरिक्त मुख्य सचिव की मंजूरी के बाद विशेष सचिव की ओर से जारी किया गया है। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग का सीधा संबंध जिलाधिकारियों, महकमा शासकों और ब्लॉक विकास अधिकारियों (बीडीओ) के कार्यों के समन्वय से है। ऐसे में इस व्यवस्था का प्रभाव भविष्य में जिला और ब्लॉक स्तर के प्रशासनिक ढांचे पर भी देखने को मिल सकता है।
सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने और जनसेवाओं की निरंतरता बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।#WestBengal #Nabanna #GovernmentEmployees #WeekendDuty #SkeletonStaff #AdministrativeReforms #BengalNews #GovernmentOrder #StateEmployees #BreakingNews







