CM नायब सैनी ने जिस युवक को पहुंचाया था अस्पताल, PGI चंडीगढ़ में इलाज के दौरान हुई मौत

हरियाणा के गांव बीड़ कालवा (सूरजगढ़) निवासी अमित सैनी का इलाज के दौरान पीजीआई चंडीगढ़ में निधन हो गया। वह 24 जून की रात गांव डीग के पास एक फैक्ट्री के समीप हुए मोटरसाइकिल हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना के बाद उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया था।

इस हादसे की एक विशेष बात यह रही कि दुर्घटना के समय हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चंडीगढ़ की ओर जा रहे थे। रास्ते में घायल युवकों को देखकर मुख्यमंत्री ने तत्काल अपना काफिला रुकवाया और स्थिति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं वाहन से उतरकर घायल अमित सैनी और उनके साथी रजत के पास पहुंचे और दोनों की हालत का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने अपने स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर काफिले में मौजूद एंबुलेंस के माध्यम से दोनों घायलों को बिना देरी के शाहाबाद स्थित अस्पताल पहुंचाया गया, ताकि उन्हें जल्द से जल्द चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

हालांकि, गंभीर रूप से घायल अमित सैनी की हालत में सुधार नहीं हो सका और उपचार के दौरान पीजीआई चंडीगढ़ में उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

वहीं, हादसे में घायल उनके साथी रजत का इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने मुख्यमंत्री द्वारा मौके पर दिखाई गई संवेदनशीलता और त्वरित सहायता की सराहना की है।

अमित सैनी के निधन से गांव बीड़ कालवा और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजन और ग्रामीणों ने दिवंगत युवक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।#AmitSaini #NayabSinghSaini #PGIChandigarh #RoadAccident #HaryanaNews #Surajgarh #BreakingNews #MotorcycleAccident #CMNews #HindiNews

Leave a Comment

शहर चुनें