हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में हथियारबंद लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नगरोटा बगवां क्षेत्र के पटियालकड़ स्थित एक शराब ठेके पर पहुंचे बदमाशों ने सेल्समैन को पिस्तौल के बल पर डराया-धमकाया और विरोध करने पर उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, एक आरोपी ने सेल्समैन पर पिस्तौल तान दी, जबकि उसके दूसरे साथी ने चाकू से हमला कर दिया। सेल्समैन ने अपनी बाजू से वार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान आरोपियों ने उसके सिर पर शराब की बोतल से हमला कर उसे घायल कर दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश ठेके का गल्ला उठाकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि गल्ले में दिनभर की बिक्री के करीब 1 लाख 85 हजार रुपये नकद रखे हुए थे, जिन्हें आरोपी अपने साथ ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए छानबीन की जा रही है।
जांच के तहत पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लग सका था।
इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में दहशत का माहौल है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि घटना को अंजाम देने वाले आरोपी अन्य राज्यों से जुड़े हो सकते हैं, हालांकि पुलिस अभी सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।#KangraNews #HimachalPradesh #CrimeNews #Robbery #LiquorShop #NagrotaBagwan #PoliceInvestigation #CCTV #BreakingNews #HimachalCrime