नोएडा से भोपाल में विवाह के बाद गई मॉडल और अभिनेत्री त्विषा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बहुचर्चित मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। इस मामले में आरोपित सास और सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला के घर शनिवार और रविवार की दरमियानी रात चोरी की कोशिश की गई।
जानकारी के अनुसार, बदमाश घर के पिछले हिस्से से अंदर दाखिल हुए और वहां रखे सोने के जेवरात के साथ-साथ गिरिबाला और समर्थ सिंह से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों वाली एक फाइल भी अपने कब्जे में ले ली।
बताया जा रहा है कि आरोपी चोरी किए गए सामान को लेकर मौके से फरार होने की तैयारी में थे। इसी दौरान इलाके में नियमित गश्त कर रही चार्ली पुलिस की टीम वहां पहुंच गई, जिससे बदमाशों में हड़कंप मच गया।
पुलिस की मौजूदगी का एहसास होते ही आरोपी चोरी किया गया सामान वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और यह पता लगाया जा सके कि चोरी की वारदात के पीछे सामान्य आपराधिक मंशा थी या फिर इसका संबंध किसी अन्य पहलू से जुड़ा हुआ है।
गौरतलब है कि मॉडल और अभिनेत्री त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला पहले से ही चर्चा में रहा है और इसकी जांच को लेकर कई सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में आरोपित पक्ष के घर हुई चोरी की इस घटना ने मामले को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।#TwishaSharma #Bhopal #CrimeNews #Noida #PoliceInvestigation #TheftCase #MadhyaPradesh #BreakingNews #Actress #Justice