रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर फुलझरिया के समीप सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार से चल रही एक हाइवा का अचानक टायर फट गया, जिससे हाइवा में आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
घटना की सूचना तत्काल संबंधित विभाग एवं दमकल को दी गई। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि वाहन कुछ ही देर में आग की लपटों में पूरी तरह घिर गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण काफी मशक्कत करनी पड़ी।
घटना के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। समय रहते चालक के बाहर निकल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।