वॉशिंग मशीन में छिपे जहरीले सांप ने महिला और युवक को डसा, अस्पताल में भर्ती

हाथरस: जिले के कोतवाली सासनी क्षेत्र के गांव राघनियां में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां घर में रखी वॉशिंग मशीन में छिपे एक जहरीले सांप ने महिला और एक युवक को डस लिया। दोनों घायलों को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, गांव राघनियां निवासी ललित कुमार के घर उनकी 42 वर्षीय पत्नी श्वेता उपाध्याय को बुधवार को वॉशिंग मशीन के अंदर एक जहरीला सांप दिखाई दिया। सांप को देखकर घबराई श्वेता ने पड़ोसी संत कुमार को सहायता के लिए बुलाया।

बताया जा रहा है कि दोनों मिलकर सांप को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान सांप ने पहले श्वेता उपाध्याय के पैर में काट लिया। इसके बाद जब संत कुमार ने सांप को पकड़ने की कोशिश की तो उसने उनके हाथ पर भी डस लिया।

घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने लाठी-डंडों की मदद से सांप को मार डाला।

इसके बाद परिजन दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। बताया गया कि लोग मृत सांप को भी अपने साथ अस्पताल ले गए, जिसे देखकर अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों और अन्य लोगों के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

अस्पताल के चिकित्सकों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू करते हुए उन्हें भर्ती कर लिया। बाद में स्वास्थ्य कर्मियों ने मृत सांप को अस्पताल परिसर के समीप स्थित एक नाले में फिंकवा दिया।HathrasNews #Sasni #SnakeBite #BreakingNews #UttarPradeshNews #SnakeAttack #DistrictHospital #ViralNews #UPNews #EmergencyCase #SnakeInWashingMachine #CrimeNews

Leave a Comment

शहर चुनें