समस्तीपुर जिले के बेलसंडी गांव में सड़क हादसे के मुआवजे को लेकर शुरू हुआ विवाद एक युवक की मौत के साथ समाप्त हुआ। मारपीट में गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय प्रवीण कुमार ने शनिवार देर रात दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों ने उसके दोस्तों पर सुनियोजित हत्या का आरोप लगाया है।
मृतक प्रवीण कुमार, समस्तीपुर जिले के बेलसंडी गांव निवासी स्वर्गीय सुमन सहनी का पुत्र था। परिजनों के अनुसार, वह अपने भाइयों के साथ हरियाणा में वाटरप्रूफ पंडाल निर्माण का कार्य करता था। होली के बाद वह मकान निर्माण के सिलसिले में गांव में ही रुका हुआ था।
मंदिर के पास बुलाकर किया गया हमला
परिजनों का आरोप है कि शनिवार शाम प्रवीण को उसके दोस्त चंदेश्वर सहनी, नीरज और अन्य लोगों ने फोन कर गांव के माया स्थान मंदिर के पास बुलाया। वहां पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद हिंसक हो गया।
आरोप है कि हमलावरों ने रॉड, डंडों और अन्य हथियारों से प्रवीण पर हमला कर दिया। इस हमले में उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि हाथ और पैर भी बुरी तरह घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे गंभीर अवस्था में तुरंत डीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सड़क हादसे के मुआवजे को लेकर था विवाद
परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले प्रवीण के दो दोस्त एक सड़क हादसे में घायल हो गए थे। इस दुर्घटना में एक युवक की आंख की रोशनी भी चली गई थी।
बताया जा रहा है कि प्रवीण इस मामले में दूसरे पक्ष से घायल युवकों को मुआवजा दिलाने का दबाव बना रहा था। इसी मुद्दे को लेकर शनिवार को दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया।
परिजनों ने लगाया सुनियोजित हत्या का आरोप
मृतक के मौसा गंगा सहनी, सुरेश सहनी, मामा पीतांबर सहनी और भाभी राजनंदनी कुमारी ने आरोप लगाया कि प्रवीण पर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया। उनका कहना है कि वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।
परिजनों ने पुलिस से आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।Samastipur #BiharNews #CrimeNews #MurderCase #DMCH #BreakingNews #PoliceInvestigation #LocalNews #BiharCrime #Justice