बांका। जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र में 5 जुलाई की शाम हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड की जांच में अब भागलपुर कनेक्शन सामने आया है। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक संदिग्ध दूध कारोबारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस का मानना है कि इस पूछताछ से हत्याकांड से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को अमरपुर थाना की पुलिस टीम ने भागलपुर जिले के कजरैली थाना क्षेत्र स्थित गौराचौकी में छापेमारी कर एक संदिग्ध दूध कारोबारी को हिरासत में लिया। पुलिस की तकनीकी जांच में उसके संपर्क इस हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे एक शूटर से मिलने की बात सामने आई है। इसी आधार पर उससे पूछताछ की जा रही है।
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ है कि वारदात को अंजाम देने वाले शूटर भागलपुर के हबीबपुर थाना क्षेत्र स्थित अंबे पोखर के पास किराये के एक कमरे में रह रहे थे। पुलिस जब वहां पहुंची तो पता चला कि घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी रात में वापस कमरे पर आए थे।
प्राथमिक जांच के अनुसार, आरोपी कमरे से अपना सामान समेटकर वहां से फरार हो गए। पुलिस ने मकान के आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की और आरोपियों की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाई है। साथ ही उनके फरार होने के संभावित रास्तों और अन्य संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की गहन जांच जारी है। हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।#Banka #Bhagalpur #DoubleMurder #BiharCrime #CrimeNews #PoliceInvestigation #BreakingNews #BiharNews #Amarpur #LatestNews