देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रुद्र प्रताप सिंह का मंगलवार को 97 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह पिछले कई दिनों से अस्वस्थ थे और गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उपचार के दौरान मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
रुद्र प्रताप सिंह मूल रूप से देवरिया जिले के पकड़ी बाबू गांव के निवासी थे। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और क्षेत्र के लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
रुद्र प्रताप सिंह ने वर्ष 1980 में लोकदल के प्रत्याशी के रूप में देवरिया विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बनने का गौरव हासिल किया था। इसके बाद उन्होंने दोबारा भी विधानसभा चुनाव लड़ा, हालांकि इस बार उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।
वह समाजवादी विचारधारा के प्रतिबद्ध और सक्रिय नेताओं में गिने जाते थे। अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत उन्होंने डॉ. राममनोहर लोहिया के समाजवादी आंदोलन से की थी। इसके अलावा वह समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद एवं पूर्व सचेतक स्वर्गीय मोहन सिंह के करीबी सहयोगियों में भी शामिल रहे। उनके निधन को समाजवादी आंदोलन और देवरिया की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।#RudraPratapSingh #Deoria #SamajwadiParty #UPPolitics #Obituary #SocialistLeader #DeoriaNews #UttarPradesh #PoliticalNews #HindiNews