देहरादून। लोकपर्व हरेला के अवसर पर भाजपा उत्तराखंड ने प्रदेशभर में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने की घोषणा की है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 16 जुलाई से 15 अगस्त तक राज्य में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अभियान के दौरान प्रदेशभर में छह लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। भाजपा ने राज्य के सभी 11,729 बूथों पर कम से कम 50-50 पौधे लगाने की योजना बनाई है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि अभियान को प्रभावी और सफल बनाने के लिए प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर समितियों का गठन किया गया है। इन समितियों के माध्यम से पौधारोपण अभियान की निगरानी और संचालन किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति के बाद भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट को इस अभियान का संयोजक बनाया गया है। वहीं, महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि भट्ट, किसान मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी और युवा मोर्चा अध्यक्ष विपुल मेंदोली को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा पदाधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और प्रदेश में हरियाली बढ़ाने के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।#Harela #Uttarakhand #TreePlantation #EkPedMaaKeNaam #BJP #EnvironmentProtection #GreenUttarakhand #HindiNews



