राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: टिन्नू यादव और मनीष यादव से पूछताछ, 7 दिन की पुलिस रिमांड की मांग

राम मंदिर में चढ़ावे की रकम चोरी के मामले में पुलिस ने अब रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और उसके भतीजे मनीष यादव पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। छह आरोपितों को कस्टडी रिमांड पर लेने के बाद पुलिस की जांच अब इन दोनों आरोपितों पर केंद्रित है।

पुलिस टीम ने गुरुवार को जेल पहुंचकर टिन्नू यादव और मनीष यादव से पूछताछ की। इसके बाद दोनों आरोपितों को सात दिनों की पुलिस अभिरक्षा में लेने के लिए विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया है। इस मामले में शुक्रवार को सुनवाई होगी।

इससे पहले बुधवार को 14 घंटे की पुलिस कस्टडी में लिए गए पूर्व बैंककर्मी सुभाष श्रीवास्तव और रमाशंकर मिश्र की निशानदेही पर बरामद सामान और नकदी को भी पुलिस ने न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

टिन्नू और मनीष की रिमांड के लिए पुलिस ने दाखिल किया आवेदन

जेल सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को मामले के विवेचक और क्षेत्राधिकारी अयोध्या आशुतोष तिवारी समेत पुलिस टीम जेल पहुंची। यहां अधिकारियों ने रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव और उसके भतीजे मनीष यादव से मामले को लेकर पूछताछ की।

पुलिस अब दोनों आरोपितों को सात दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ करना चाहती है, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित बरामदगी के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।#RamMandir #AyodhyaNews #RamMandirChadhawaChori #AyodhyaPolice #CrimeNews #UPNews

Leave a Comment

शहर चुनें