जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने राजौरी और पुंछ जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश तथा अचानक आई बाढ़ से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर दोनों जिलों के हालात की विस्तृत जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
उपराज्यपाल ने बताया कि राजौरी में नागरिक प्रशासन, पुलिस, सेना, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय स्वयंसेवकों की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि सरकार के सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। राहत सामग्री उपलब्ध कराने, आवश्यक सेवाओं को बहाल करने और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की मरम्मत को प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
मनोज सिन्हा ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल सरकारी माध्यमों से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की। उन्होंने प्रशासन को प्रभावित लोगों तक हरसंभव सहायता समय पर पहुंचाने के निर्देश भी दिए।JammuKashmir #Rajouri #Poonch #FloodUpdate #ManojSinha #DisasterRelief




