शहर में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) यातायात प्रतीक गहलोत ने सोमवार को गुरुग्राम के कई दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का मौके पर जाकर विस्तृत आकलन किया गया।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी ट्रैफिक ने सेक्टर-53/54 चौक, सेक्टर-42/43 चौक, सेक्टर-31 चौक, पचगांव फौजी ढाबा तथा पचगांव चौक का दौरा किया। उनके साथ ट्रैफिक रोड सेफ्टी इंस्पेक्टर मदन, संबंधित यातायात निरीक्षक, जोनल अधिकारी, राहगीरी टीम, टेक्निकल टीम और आरएसओ (Road Safety Officer) टीम के अधिकारी भी मौजूद रहे।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़कों की मौजूदा स्थिति, यातायात संचालन, ट्रैफिक साइनेज, रोड मार्किंग, दृश्यता, पैदल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य सड़क सुरक्षा मानकों का गहन निरीक्षण किया। साथ ही दुर्घटना संभावित स्थानों पर मौजूद कमियों की पहचान कर उनके समाधान पर भी चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान सभी ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुधारात्मक उपायों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। डीसीपी प्रतीक गहलोत ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप तकनीकी अध्ययन करने और उसके आधार पर सुधार कार्य की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के लिए टेक्निकल टीम को विशेष निर्देश दिए।
पुलिस का मानना है कि ब्लैक स्पॉट की वैज्ञानिक समीक्षा और समयबद्ध सुधार कार्यों से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकेगी तथा शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाया जा सकेगा। प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कदम जल्द उठाने के निर्देश दिए हैं।#Gurugram #TrafficPolice #RoadSafety #BlackSpot #TrafficNews #HaryanaNews #RoadAccident #TrafficManagement #HindiNews #BreakingNews







