दिल्ली और गुरुग्राम खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की संयुक्त टीम ने दिल्ली के ओखला स्थित एक परिसर में छापेमारी कर ब्लड प्रेशर की दवा ‘Telma-AM’ की 560 नकली स्ट्रिप बरामद की हैं। इसके अलावा परिसर से 323 प्रकार की एलोपैथिक दवाएं भी जब्त की गईं, जिन्हें बिना वैध औषधि लाइसेंस के रखा गया था।
गुरुग्राम से जुड़े नेटवर्क का खुलासा
जांच में सामने आया कि ओखला स्थित यह परिसर बिना वैध लाइसेंस के थोक दवा विक्रेता (Wholesaler) के रूप में संचालित किया जा रहा था। यहीं से कथित तौर पर नकली Telma-AM टैबलेट्स की आपूर्ति गुरुग्राम के विभिन्न मेडिकल स्टोरों तक की जा रही थी।
इससे पहले 19 जुलाई को हरियाणा खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने गुरुग्राम और दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए ब्लड प्रेशर की नकली दवाओं की आपूर्ति करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया था। इस मामले में दिल्ली निवासी सुब्रत द्विवेदी और उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी जुबैर को गिरफ्तार किया गया था।
पहले भी हुई थी कार्रवाई
एफडीए को सूचना मिली थी कि गुरुग्राम में ‘श्री बालाजी फोरम’ नाम से संचालित एक थोक दवा एजेंसी के माध्यम से नकली दवाओं की आपूर्ति की जा रही है। जांच में पाया गया कि संबंधित एजेंसी के पास दवा कारोबार के लिए आवश्यक वैध लाइसेंस नहीं था। छापेमारी के दौरान वहां से Telma-AM के 178 नकली पत्ते (Strips) भी बरामद किए गए थे।
रुड़की में निर्माण, कई राज्यों में सप्लाई
एफडीए अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तीन सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया गया। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि नकली दवाओं का निर्माण उत्तराखंड के रुड़की में किया जाता था। इसके बाद इन्हें लखनऊ के माध्यम से हरियाणा, दिल्ली और अन्य राज्यों में सप्लाई किया जाता था।
जांच जारी
अधिकारियों ने बताया कि पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। नकली दवाओं के निर्माण, भंडारण और आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस रैकेट के जरिए किन-किन क्षेत्रों में नकली दवाएं पहुंचाई गईं और इसमें कितने लोग शामिल हैं।#FakeMedicine #TelmaAM #FDA #Delhi #Gurugram #DrugRaid #HealthNews #CrimeNews #BreakingNews #HindiNews







