उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के दियोरिया कलां कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। घर में छत के पंखे का खराब कंडेंसर बदलते समय करंट लगने से 17 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, दियोरिया कलां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुड़िया तालुके पसगामा निवासी अनिल गंगवार का 17 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार सोमवार सुबह अपने कमरे में लगे छत के पंखे का खराब कंडेंसर बदल रहा था। वह लकड़ी की मेज पर खड़ा होकर प्लास की सहायता से कंडेंसर कस रहा था।
इसी दौरान उसने पंखे को पकड़ लिया, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। तेज बिजली का झटका लगते ही शिवम मेज से नीचे गिरकर बेहोश हो गया। परिजन तत्काल उसे कार से बीसलपुर-बरेली मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद शिवम को मृत घोषित कर दिया। इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बताया जा रहा है कि मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग इस हादसे को लेकर दुख व्यक्त कर रहे हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी विद्युत उपकरण की मरम्मत करने से पहले मुख्य बिजली सप्लाई बंद करना और आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाना बेहद जरूरी है। थोड़ी-सी लापरवाही भी इस तरह के गंभीर हादसों का कारण बन सकती है।