पंजाब के संगरूर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय को कथित तौर पर असामाजिक तत्वों ने निशाना बनाया। उपली रोड स्थित भाजपा कार्यालय पर सोमवार देर रात हुई इस घटना का खुलासा मंगलवार सुबह कार्यालय खुलने के बाद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उपली रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर देर रात कथित रूप से पेट्रोल बम फेंककर हमला किया गया। घटना के समय कार्यालय बंद था, इसलिए किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सुबह कर्मचारियों के कार्यालय पहुंचने पर घटना का पता चला, जिसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही डीएसपी संगरूर दलबीर सिंह, सीआईए इंचार्ज संदीप सिंह और थाना सिटी संगरूर के एसएचओ सुखदेव सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस ने कार्यालय परिसर और आसपास के इलाके का जायजा लेने के साथ ही स्थानीय लोगों से भी जानकारी एकत्र की। इसके अलावा, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान की जा सके।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान