ग्रेटर नोएडा की कलाधाम सोसायटी में छह वर्षीय अव्यान की मौत के मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। प्राधिकरण की आंतरिक जांच में इस प्रकरण के लिए प्रबंधक गरिमा सिंह और सहायक प्रबंधक मनोज चौधरी को सीधे तौर पर जिम्मेदार माना गया है।
जांच रिपोर्ट के आधार पर अब दोनों अधिकारियों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। शासन को निलंबन की संस्तुति भेजे जाने के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सहायक प्रबंधक मनोज चौधरी को उनके मूल विभाग लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में वापस भेजने की तैयारी भी शुरू कर दी है।
प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास विभाग को भेजी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि इस मामले में ठेकेदार मनोज जैन के साथ-साथ वरिष्ठ प्रबंधक विनोद शर्मा, प्रबंधक गरिमा सिंह और सहायक प्रबंधक मनोज चौधरी ने अपने दायित्वों का समुचित तरीके से निर्वहन नहीं किया। रिपोर्ट में अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
प्राधिकरण की जांच के बाद अब इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित पक्षों के खिलाफ आगे की प्रशासनिक कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।#GreaterNoida #KaladhamSociety #AvyanCase #GreaterNoidaAuthority #NoidaNews #UPNews #AdministrativeAction #IndustrialDevelopment #PWD #BreakingNews