हिमाचल में बारिश बनी आफत: चंबा और कांगड़ा में दो हादसों में 7 की मौत, एक साल का मासूम भी शामिल

शिमला: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच दो अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा चंबा जिले में हुआ, जहां एक कार गहरी खाई में गिर गई। वहीं दूसरा हादसा कांगड़ा जिले में पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां एक ट्रक पुल से नीचे खड्ड में जा गिरा।

जानकारी के अनुसार, चंबा जिले के लाहड़ क्षेत्र में एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

वहीं, कांगड़ा जिले में पठानकोट-मंडी हाईवे पर 53 मील के पास मंगलवार देर रात एक 16 टायरी ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रक पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे खड्ड में जा गिरा।

इस हादसे में ट्रक में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

लगातार बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में सड़कें फिसलनभरी हो गई हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सावधानी बरतने की अपील की है।#HimachalPradesh #Chamba #Kangra #RoadAccident #HeavyRain #Monsoon #HimachalNews #BreakingNews #RainAlert #TruckAccident #CarAccident #HindiNews #LatestNews #WeatherUpdate #IndiaNews

Leave a Comment

शहर चुनें