आषाढ़ मास की गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र के प्रमुख गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कच्चा घाट लठीरा, पुष्पावती पूठ और तीर्थ नगरी ब्रजघाट में हजारों श्रद्धालु पवित्र गंगा में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। धार्मिक उत्साह और भक्ति के माहौल के बीच सुबह से ही गंगा तट श्रद्धालुओं से गुलजार नजर आए।
बुधवार को ब्रह्म मुहूर्त से ही तीर्थ नगरी ब्रजघाट, गढ़मुक्तेश्वर के कच्चा घाट लठीरा और पुष्पावती पूठ में श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान शुरू कर दिया। ‘हर-हर गंगे’ के जयघोष, शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा गंगा तट भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु हनुमान मंदिर, श्रीराधा-कृष्ण मंदिर, वेदांत मंदिर, अमृत परिसर, नक्का कुआं मंदिर और श्री कल्याणेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। वहीं अनेक श्रद्धालु शुभ अवसर पर श्री सत्यनारायण भगवान की कथा का श्रवण कर गरीब और जरूरतमंद लोगों को अन्न, वस्त्र तथा धन का दान भी कर रहे हैं।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने गुरुओं का पूजन कर उन्हें श्रद्धानुसार दक्षिणा और भेंट अर्पित कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण हाईवे पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी हो गई है और कई स्थानों पर यातायात कछुआ गति से चलता दिखाई दिया।
गंगा में जलस्तर अधिक होने के कारण प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं से गहरे पानी में नहीं जाने की अपील कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत मोटर बोट से लगातार गश्त की जा रही है तथा कई मोटर बोटों पर गोताखोर तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
इसके अलावा, सादी वर्दी में पुलिसकर्मी भी लगातार निगरानी कर रहे हैं। हाईवे, पार्किंग स्थल और गंगा घाटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में धार्मिक अनुष्ठानों में भाग ले सकें।#GuruPurnima #Garhmukteshwar #Brijghat #GangaSnan #Ganga #HapurNews #ReligiousNews #UttarPradesh #GuruPurnima2026 #Devotional