भारत बना दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा नाविक सप्लायर, BIMCO-ICS रिपोर्ट 2026 में बड़ा खुलासा

वैश्विक समुद्री क्षेत्र में भारत ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। BIMCO-ICS Seafarer Workforce Report 2026 के अनुसार, दुनिया के कुल समुद्री कर्मचारियों (सीफेयरर्स) में 12.2 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ भारत अब नाविकों की आपूर्ति करने वाला दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश बन गया है। यह रिपोर्ट वैश्विक समुद्री उद्योग में सीफेयरर्स की मांग और उपलब्धता का सबसे विश्वसनीय आकलन मानी जाती है और हर पांच वर्ष में प्रकाशित की जाती है।

फिलीपींस पहले, भारत दूसरे स्थान पर

रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया भर में समुद्री कर्मचारियों की आपूर्ति के मामले में फिलीपींस अब भी पहले स्थान पर बना हुआ है, जबकि भारत ने दूसरा स्थान हासिल कर अपनी मजबूत वैश्विक मौजूदगी दर्ज कराई है।

विशेष बात यह है कि पिछले पांच वर्षों में भारतीय नाविकों की वैश्विक हिस्सेदारी लगभग दोगुनी हो गई है। इससे अंतरराष्ट्रीय समुद्री उद्योग में भारत की बढ़ती भूमिका और प्रशिक्षित मानव संसाधन की क्षमता का पता चलता है।

ऑफिसर कैडर में भारत की मजबूत पकड़

एक अधिकारी के अनुसार, भारत की सबसे बड़ी ताकत उसके ऑफिसर कैडर में दिखाई देती है। वर्तमान में भारत 1.4 लाख से अधिक समुद्री अधिकारियों (Officers) की आपूर्ति कर रहा है, जो वैश्विक ऑफिसर वर्कफोर्स का 13.4 प्रतिशत है।

इसके अलावा, भारतीय 1.7 लाख से अधिक रेटिंग्स (सहायक समुद्री कर्मचारी) दुनिया भर के मर्चेंट जहाजों पर कार्यरत हैं। यह वैश्विक रेटिंग वर्कफोर्स का 11.29 प्रतिशत हिस्सा है।

वैश्विक समुद्री क्षेत्र में बढ़ रही भारत की भूमिका

BIMCO-ICS Seafarer Workforce Report को वैश्विक समुद्री उद्योग में सबसे भरोसेमंद रिपोर्टों में गिना जाता है और अधिकांश समुद्री देश इसके आंकड़ों को मानक के रूप में स्वीकार करते हैं। रिपोर्ट में भारत की बढ़ती हिस्सेदारी इस बात का संकेत है कि देश समुद्री क्षेत्र के लिए कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने में लगातार मजबूत स्थिति हासिल कर रहा है।#India #Seafarers #BIMCOICS #Maritime #ShippingIndustry #MerchantNavy #IndianSeafarers #GlobalWorkforce #MaritimeNews #BusinessNews

Leave a Comment

शहर चुनें