हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते मटौर-शिमला फोरलेन पर स्थित रियुंद पुल के समीप बनी झील का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी भारी वर्षा की संभावना जताई है, जिसके बाद जिला प्रशासन ने हालात पर कड़ी निगरानी रखते हुए एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, एसडीएम डॉ. अंजलि गर्ग ने कुछ दिन पहले ही प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया था। शुक्रवार को दोबारा झील का जलस्तर बढ़ने की सूचना मिलने पर उन्होंने तत्काल कर्मचारियों की टीम को मौके पर भेजा। इसके साथ ही फोरलेन निर्माण कार्य कर रही कंपनी के अधिकारियों को भी घटनास्थल पर बुलाकर जल्द से जल्द पानी की निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन के निर्देशों के बाद फोरलेन निर्माण कंपनी ने रियुंद खड्ड क्षेत्र से भारी मशीनरी को हटाकर पानी निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कंपनी ने एक ओर से खुदाई कर जल निकासी का रास्ता बनाने का कार्य आरंभ किया है। पहले चरण में झील का पानी एक दिशा से निकाला जाएगा, जिसके बाद रियुंद खड्ड में जमा मिट्टी को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
उधर, मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने स्थिति का आकलन कर अपनी विस्तृत रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।#HimachalRain #RainAlert #HimachalPradesh #MataurShimlaFourLane #RiyundBridge #WeatherUpdate #HeavyRain #FloodAlert #Administration #BreakingNews