भोजशाला विवाद पर आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई, अंतरिम व्यवस्था पर टिकीं सभी की निगाहें

मध्य प्रदेश के धार स्थित ऐतिहासिक भोजशाला विवाद से जुड़े मामले में बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में महत्वपूर्ण सुनवाई होने वाली है। मस्जिद पक्ष की ओर से दायर अंतरिम याचिका पर न्यायमूर्ति संजय कुमार और न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा की पीठ सुनवाई करेगी। यह मामला सुप्रीम कोर्ट की सूची में क्रमांक 177 पर सूचीबद्ध है।

पिछले सप्ताह सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद भोजशाला परिसर के पीछे स्थित खसरा क्रमांक 612 पर पहली बार शुक्रवार की नमाज अदा की गई थी। इसके बाद अब सभी की नजरें आज होने वाली सुनवाई पर टिकी हुई हैं।

इस सुनवाई में सबसे अहम सवाल यह रहेगा कि क्या सुप्रीम कोर्ट मौजूदा अंतरिम व्यवस्था को आगे भी जारी रखेगा या फिर इस संबंध में कोई नया निर्देश जारी करेगा।

यदि अदालत सुनवाई के बाद अपना फैसला सुरक्षित रखती है, तो यह भी स्पष्ट होना जरूरी होगा कि अंतिम निर्णय आने तक नमाज और अन्य व्यवस्थाएं किस आधार पर संचालित होंगी।

भोजशाला विवाद को लेकर मंदिर पक्ष और मस्जिद पक्ष, दोनों ही सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही पर नजर बनाए हुए हैं। अदालत के अगले निर्देश के आधार पर ही प्रशासन आगे की व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी कदम तय करेगा।#Bhojshala #SupremeCourt #MadhyaPradesh #CourtHearing #BreakingNews #LegalNews #HindiNews #Dhar #BhojshalaDispute #NewsUpdate


Leave a Comment

शहर चुनें