बाराबंकी में दर्दनाक हादसा: खेल रहे बच्चों पर गिरी पुरानी दीवार, दो की मौत, तीन घायल

बाराबंकी में दर्दनाक हादसा: खेल रहे बच्चों पर गिरी पुरानी दीवार, दो की मौत, तीन घायल

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। दरियाबाद क्षेत्र के गुलचप्पा कला गांव में खेल रहे पांच बच्चों पर अचानक एक पुरानी पक्की दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, मलबे में दबे सभी पांच बच्चों को ग्रामीणों और परिजनों की मदद से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्ची ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल तीन अन्य बच्चों का अस्पताल में उपचार जारी है।

मृतक और घायल सभी बच्चे एक ही परिवार से बताए जा रहे हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में शोक का माहौल है।

बताया गया कि गुलचप्पा कला गांव निवासी मोहम्मद मुस्लिम की सात वर्षीय पुत्री उजैफा, 14 वर्षीय हाजरा बानो, सलमान का आठ वर्षीय पुत्र हस्सान, चार वर्षीय हानियां और अब्दुल मन्नान का 14 वर्षीय पुत्र अदनान घर के पास खेल रहे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे मदरसे जाने से पहले वहीं मंजन भी कर रहे थे। तभी रास्ते के किनारे बनी पुरानी पक्की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और सभी बच्चे उसकी चपेट में आ गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना की जांच शुरू कर दी। प्रशासन की ओर से भी राहत एवं बचाव कार्य कराया गया। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह दीवार का जर्जर होना माना जा रहा है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।#Barabanki #WallCollapse #Accident #Children #UPNews #BreakingNews #Dariyabad #Police #TragicAccident #IndiaNews

Leave a Comment

शहर चुनें