शहर के भगवाड़िया गैस एजेंसी के समीप स्थित शराब ठेके के सामने बुधवार रात करीब 10 बजे सनसनीखेज वारदात सामने आई। भीड़भाड़ वाले इलाके में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने स्कूटी सवार युवक को सिर में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।
सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस और सीआईए की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पुलिस को मौके से गोली का एक खोखा भी बरामद हुआ है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस पुरानी रंजिश के एंगल से भी मामले की पड़ताल कर रही है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक की पहचान सदर बाजार निवासी 30 वर्षीय वीरू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वीरू स्कूटी से भगवाड़िया गैस एजेंसी की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उसका पीछा कर रहे थे। जैसे ही वह शराब ठेके के सामने पहुंचा, दोनों ने उसे रुकवाया और सिर में गोली मारकर मौके से फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है। मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। #Murder #CrimeNews #BreakingNews #Police #Firing #CCTV #CityNews #LawAndOrder #IndiaNews #Crime