भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में जमीन खरीदने को लेकर आ रही परेशानियों के संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद मांगी है। पंत ने शुक्रवार रात सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी समस्या मुख्यमंत्री के सामने रखी।
ऋषभ पंत ने अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को टैग करते हुए बताया कि वह अपना बेस दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं और राज्य में जमीन खरीदकर अपना घर बनाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, पिछले करीब तीन वर्षों से प्रयास के बावजूद उन्हें अपनी जरूरत के मुताबिक जमीन नहीं मिल पा रही है।
‘उत्तराखंड में अपना पहला घर बनाना चाहता हूं’
पंत ने मुख्यमंत्री से अनुरोध करते हुए कहा कि वह अपने पहाड़ी लोगों के बीच वापस लौटना चाहते हैं और राज्य के विकास में योगदान देना चाहते हैं। उन्होंने जमीन खरीदने की प्रक्रिया में मदद और स्पष्टता उपलब्ध कराने की अपील की।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह सरकार से मुफ्त जमीन या किसी तरह का तोहफा नहीं मांग रहे हैं। उनका कहना है कि यदि अनुमति मिले तो वह सरकारी नियमों और निर्धारित सरकारी दरों के अनुसार जमीन खरीदना चाहते हैं, ताकि उत्तराखंड में अपने और अपने परिवार के लिए पहला घर बना सकें।
पंत ने यह भी कहा कि उन्हें जमीन खरीदने की प्रक्रिया की पूरी जानकारी नहीं है और इसी वजह से उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में सहयोग मांगा है।
CM धामी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
ऋषभ पंत की पोस्ट के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सोशल मीडिया के जरिए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पंत को उत्तराखंड का गौरव बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी मातृभूमि के प्रति ऋषभ पंत का प्रेम और उत्तराखंड लौटकर राज्य के विकास में योगदान देने की इच्छा सराहनीय है। उन्होंने बताया कि पंत द्वारा उठाए गए मुद्दे के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं।
सीएम धामी के मुताबिक, अधिकारी जल्द ही ऋषभ पंत से संपर्क करेंगे और नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।RishabhPant #PushkarSinghDhami #Uttarakhand #RishabhPantNews #UttarakhandNews #IndianCricket #CricketNews #LandPurchase #CMDhami #BreakingNews