उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं के लिए एक नई सुविधा की शुरुआत करने की तैयारी कर ली है। इसके तहत अब उपभोक्ताओं को उनका बिजली बिल सीधे एसएमएस के माध्यम से भेजा जाएगा। बिजली विभाग ने नवंबर माह का बिल भेजते हुए यह व्यवस्था लागू कर दी है।
बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी उपभोक्ता को गलत या अपडेट न किए गए मोबाइल नंबर के कारण बिजली बिल का एसएमएस प्राप्त नहीं हुआ है, तो वे हेल्पलाइन नंबर 1912 पर कॉल कर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा उपभोक्ता अपने संबंधित डिवीजन कार्यालय के काउंटर पर जाकर भी मोबाइल नंबर अपडेट करा सकते हैं।
एसएमएस सुविधा के माध्यम से उपभोक्ताओं को न केवल बिजली बिल की जानकारी मिलेगी, बल्कि उनके प्रीपेड खाते में शेष बची हुई राशि को लेकर भी समय-समय पर अलर्ट भेजा जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को समय पर रिचार्ज करने में सुविधा होगी और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका भी कम होगी।
बिजली विभाग की ओर से बताया गया है कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं को विद्युत टैरिफ में दो प्रतिशत की छूट भी प्रदान की जा रही है। वहीं, प्रीपेड स्मार्ट मीटर को लेकर चल रहे विरोध के बीच विभाग नागरिकों को इसके लाभों के प्रति जागरूक करने का भी प्रयास कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, उपभोक्ताओं को एसएमएस के जरिए यह भी सूचित किया जाएगा कि रिचार्ज की गई धनराशि का 30 प्रतिशत, 10 प्रतिशत और शून्य शेष रहने की स्थिति कब आ रही है, ताकि वे पहले से ही आवश्यक रिचार्ज करा सकें।
UPPCL
SmartPrepaidMeter
ElectricityBill
PowerDepartment
UttarPradesh
ElectricityNews
DigitalIndia
PrepaidMeterBenefits