एएमयू के सुलेमान हॉल में शब-ए-बरात कार्यक्रम रद्द, पाकिस्तानी संगठन से जुड़े मौलाना को बुलाने पर विवाद

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के सुलेमान हॉल में शब-ए-बरात के अवसर पर प्रस्तावित एक कार्यक्रम को विश्वविद्यालय प्रशासन ने विवाद के बाद निरस्त कर दिया। इस कार्यक्रम में पाकिस्तानी इस्लामिक संगठन दावत-ए-इस्लामी से जुड़े एक मौलाना को आमंत्रित किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद छात्रों के एक वर्ग ने कड़ा विरोध दर्ज कराया था।

जानकारी के अनुसार, शब-ए-बरात के मौके पर सुलेमान हॉल की मस्जिद में मंगलवार रात करीब सवा नौ बजे से ‘ग्रांड शब-ए-बरात’ कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। इसमें इस्लामिक संगठन दावत-ए-इस्लामी के एग्जीक्यूटिव मेंबर सुल्तान अटारी को अतिथि वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया था। आयोजकों की ओर से कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई थीं और मंच भी सजा दिया गया था।

हालांकि, जैसे ही विश्वविद्यालय के अन्य छात्रों को इस आयोजन और आमंत्रित वक्ता की पृष्ठभूमि की जानकारी मिली, उन्होंने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से इसका विरोध शुरू कर दिया। छात्रों का कहना था कि जिस संगठन से मौलाना जुड़े हैं, वह पहले भी विवादों में रह चुका है। विशेष रूप से राजस्थान के उदयपुर में टेलर कन्हैया लाल की गला काटकर की गई हत्या के बाद यह संगठन सुर्खियों में आया था।

विरोध बढ़ने और संभावित तनाव की आशंका को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने हस्तक्षेप किया और कार्यक्रम को रद्द करा दिया। इसके चलते आमंत्रित मौलाना भी एएमयू नहीं पहुंच सके। घटना के बाद कैंपस में सुरक्षा और आयोजनों की अनुमति को लेकर प्रशासनिक सतर्कता पर भी चर्चा शुरू हो गई है।AMU

SulaimanHall

ShabEBaraat

StudentProtest

UniversityNews

AMUControversy

Khushi Kumari
Author: Khushi Kumari

Leave a Comment

शहर चुनें